बोर्ड कक्षाओं का परिणाम सुधारने के लिए प्रश्न बैेंक तैयार II BSER II RAJASTHAN EXPRESS

BOARD EXAMINATION
जयपुर। प्रदेश के सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों के लिए अच्छी खबर है। अब उनका परिणाम सुधारने की शिक्षा विभाग कोशिश कर रहा है। शिक्षा विभाग ने हाल ही बोर्ड परीक्षा परिणाम उन्नयन कार्य योजना 2020 बनाई है।

      इसमें कक्षा 10 और 12 का बोर्ड परिणाम सुधारा जाएगा। इसके लिए विद्यार्थियों को प्रश्न बैंक तैयार कराए जाएंगे और अतिरिक्त कक्षाएं लगाई जाएंगी। स्कूलों में विद्यार्थियों से प्रश्न बैंक हल कराए जाएंगे।

            अतिरिक्त कक्षाएं विद्यार्थियों के अनुरूप लगाई जाएंगी। ऐसे विद्यार्थी जो मेरिटोरियस हैं उनके लिए विशेष कक्षाएं लगाई जाएंगी। विद्यार्थी इन कक्षाओं में प्रश्न बैंक के प्रश्न हल करेंगे और शिक्षक उनकी खामियों को तुरंत उन्हें बताएंगें। इसके साथ ही अन्य विद्यार्थियों के लिए भी विशेष कक्षाएं लगाई जाएंगी।
पोर्टल पर मिलेगी सामग्री 
विभाग की अधिकारिक वेबसाइट और शाला दर्पण पोर्टल पर बोर्ड परीक्षा परिणाम उन्नयन से संबंधित जानकारी दी जा रही है। इससे विद्यार्थियों को पढ़ाई कराई जाएगी। इस सामग्री को शिक्षक कक्षा शिक्षण के दौरान काम में ले सकेंगे। कक्षा 10 और 12 की 2018 की परीक्षाओं में सर्वोच्च स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों की विषयवार उत्तर पुतिस्काएं भी स्कैन कराकर विद्यार्थियों को दिखाई जाएंगी। उन्हें बताया जाएगा कि मेरिटोरियस विद्यार्थी किस तरह से उत्तर लिखते हैं। इस साल के बोर्ड कक्षाओं के विद्यार्थियों को भी उनकी तर्ज पर ही परीक्षा की तैयारी कराई जाएगी।
इन विषयों पर विशेष जोर 
बोर्ड कक्षाओं का परिणाम सुधारने के लिए कक्षा 10 में विज्ञान, गणित और अंग्रेजी विषय पर विशेष जोर दिया जाएगा। इसी के साथ सामाजिक विज्ञान, हिंदी और संस्कृत विषयों के लिए पाठयक्रम के अनुसार प्रश्न पत्र तैयार कराए जाएंगे। इसी प्रकार कक्षा 12 के विद्यार्थियों से संबंधित विषयों के प्रश्न बैंक हल कराए जाएंगे। हर विषय का अलग प्रश्न बैंक बनाया गया है। इन्हें जल्द ही विभाग की वेबसाइट और शाला दर्पण पोर्टल पर अपलोड कर दिया जाएगा।

Post a Comment

0 Comments